Kanpur. छुट्टी पर घर आए सेना के एक जवान ने पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या के पीछे क्या कारण रहे यह बात फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के हयातनगर गांव की है।
मिली जानकारी के अनुसार, हयातनगर का रहने वाला विनोद कुमार राठौर सेना में जवान है, जिसकी वर्तमान में असम में तैनाती है। औरैया थाना क्षेत्र के बेला की रहने वाली प्रतिभा से उसका विवाह तकरीबन 15 वर्ष पहले हुआ था। जिससे उसे दो बच्चे भी हैं जिनमें बेटी आशी (10) और बेटा यश (7) हैं। एक महीने की छुट्टी पर आए विनोद को पांच दिन बाद वापस ड्यूटी पर जाना था।
मंगलवार को घर पर बेटी आशी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। बुधवार को घर पर कथा और कन्या भोज का आयोजन किया गया। रात तकरीबन दस बजे पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद विनोद ने निजी पिस्टल से प्रतिभा पर गोलियां बरसा कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
फायरिंग सुन कर परिजनों के साथ साथ गांव में भी अफरा-तफरी मच गयी। आनन फानन निजी वाहन से प्रतिभा को चौबेपुर के एक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रतिभा के घर सूचना पहुंचते ही भाई मनोज समेत अन्य घर के सदस्य हयातनगर पहुंच गए। इसी बीच घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी गांव पहुंच गयी।
पुलिस ने हत्यारोपी पति को हिरासत में लेते हुए हत्या में प्रयुक्त पिस्टल कब्जे में ले ली है। बेटी के मुताबिक, मां और पिता के बीच पिस्टल को लेकर ही झगड़ा हो रहा था। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। नशे की हालत में पत्नी को गोली मारने की बात फिलहाल सामने आ रही है।
यह भी पढ़े...पटना: नकाबपोश बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर 15 लाख की ज्वेलरी लूटी