Lucknow. रात में ठंड की दस्तक के साथ कोहरा पडऩे लगा है। कोहरे के सितम का असर अब ट्रेन संचालन पर भी पड़ने लगा है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रात भर यात्री ट्रेन का इंतजार करते रहे लेकिन ये ट्रेनें सुबह आई। कानपुर सेंट्रल तक आने वाली ट्रेनों या फिर यहां से गुजरने वाली सौ से अधिक ट्रेन कई घंटे विलंब से पहुंचीं। जिसकी वजह से मुसाफिरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो दिन के लिए 10 मेमू ट्रेन का संचालन निरस्त कर दिया गया है।
सबसे अधिक लेट होने वाली ट्रेनों में नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल आने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस जो शनिवार को करीब 3 घंटे विलंब से पहुंची। दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस सुबह 10.10 बजे के बजाए 90 मिनट विलंब रही। ये सुबह 11.15 बजे कानपुर पहुंची। इसी प्रकार रांची से आनंद विहार जाने वाला गरीब रथ भी रात 1.30 बजे के बजाए सुबह 8.30 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन से रवाना हो सकी।
चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस सुबह 6.30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचती है लेकिन ये ट्रेन सुबह 9.15 बजे सेंट्रल पहुंची। इसी प्रकार दिल्ली से मंडुआडीह जाने वाली ट्रेन सुबह 4.50 बजे के बजाय सुबह 8 बजे कानपुर पहुंची। जबलपुर से लखनऊ जाने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस सुबह 8.30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचती है लेकिन ये भी सुबह 9.10 बजे आयी। ऐसे ही रांची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दोपहर 1.20 बजे के बजाए दोपहर 3.20 बजे आयी। इसी तरह सौ से अधिक ट्रेनें एक से तीन घंटे तक विलंबित हो गई।
10 मेमू ट्रेन निरस्त
रेलवे प्रशासन ने तकनीकी वजहों से रविवार और सोमवार को 10 मेमू ट्रेनों को निरस्त करने की घोषणा की है । इसकी जानकारी उत्तर मध्य जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने दी है। 64207 लखनऊ से कानपुर, 64212 कानपुर से लखनऊ, 64213 लखनऊ से कानपुर, 64254 कानपुर से लखनऊ, 54211 रायबरेली से कानपुर, 54212 कानपुर से रायबरेली, 64208 कानपुर से लखनऊ, 64209 लखनऊ से कानपुर, 64235 बाराबंकी से कानपुर और 64236 कानपुर से बाराबंकी ये सभी मेमू ट्रेन 1 दिसंबर और 2 दिसंबर को निरस्त रहेंगी।
यह भी पढ़ें- घाटी में सुरक्षाबलों ने आतंकी ठिकना ध्वस्त कर भारी संख्या में बरामद किया गोला बारूद